
चंदवा व बालूमाथ क्षेत्र में सड़क सुरक्षा अभियान,134 वाहनों की जांच, ₹1.23 लाख का वसूला गया जुर्माना
Rahul Kumar @ united palamu

लातेहार: चंदवा थाना क्षेत्र एवं बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मक़ईयाटांड पुलिस पिकेट के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी, लातेहार उमेश मंडल तथा मोटरयान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट्स का वितरण किया गया। साथ ही वाहनों से अतिरिक्त लाइट हटाने की कार्रवाई, “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान के तहत सुरक्षा टेप की इंस्टॉलेशन तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई।इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा लोगों को पंपलेट देकर घूम-घूमकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, ताकि वाहन चालकों में यातायात नियमों की जानकारी का अभाव न रहे और वे नियमों का पालन करें।जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने आमजनों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें तथा चार पहिया एवं उससे अधिक पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।अभियान के दौरान कुल 134 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 24 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल ₹1,23,000 का जुर्माना वसूला गया, जबकि 1 वाहन को जब्त किया गया।प्रशासन द्वारा आमजनों को लगातार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है एवं पंपलेट्स का वितरण भी किया जा रहा है।





