
छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया
Sukma : छत्तीसगढ़ राज्य स्थित सुकमा जिले के कोन्टा-किस्टाराम इलाके के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में कोन्टा एरिया कमेटी से जुड़े 14 सशस्त्र नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या और भी बढ़ने की संभावना है।इस कार्रवाई को नक्सली गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सलियों में कई ऐसे भी शामिल हैं, जो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव की हत्या में संलिप्त थे।
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को क्षेत्र में नक्सलियों की संदिग्ध गतिविधियों की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर, सुकमा डीआरजी की एक टीम ने तत्काल एक सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जंगल में आगे बढ़ते ही नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए प्रभावी ढंग से मोर्चा संभाला।मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं। इनमें एके-47 और इंसास राइफल जैसे स्वचालित हथियार शामिल हैं।इस पूरे ऑपरेशन की कमान सुकमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण चव्हाण खुद संभाल रहे थे। मुठभेड़ के बाद, इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और एक व्यापक सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां मृतकों की पहचान की पुष्टि करने और किसी भी अन्य संभावित खतरे का पता लगाने के लिए विस्तृत जानकारी जुटा रही हैं।





