जनता को गुमराह और सस्ती राजनीति करने में भाजपा को हासिल है महारत : विनोद पांडेय

Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि प्रदेश की जनता को गुमराह करने और सस्ती राजनीति करने में भाजपा को महारत हासिल है। आज जो पंचायतों के लिए राशि की बात भाजपा कर रही है, वह कोई कृपा नहीं बल्कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत राज्यों का अधिकार है। केंद्र सरकार द्वारा जो भी राशि भेजी जाती है, वह करदाताओं के पैसे से आती है, न कि किसी पार्टी की जेब से।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना पूरी तरह निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। हकीकत यह है कि हमारी सरकार पंचायतों को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को गति देने और योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी प्राथमिकता है, और हर योजना का क्रियान्वयन नियमों के तहत हो रहा है।

श्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासित राज्यों की स्थिति पर नजर डालनी चाहिए, जहां पंचायतों की हालत किसी से छिपी नहीं है। झारखंड में विकास कार्य लगातार हो रहे हैं, और केंद्र की योजनाओं को भी राज्य सरकार प्रभावी तरीके से लागू कर रही है।

उन्होंने कहा कि जहां तक ‘कट-कमीशन’बात है, यह भाजपा की पुरानी राजनीतिक भाषा है, जिसका इस्तेमाल केवल आरोप लगाने के लिए किया जाता है। यदि किसी के पास ठोस प्रमाण है तो सामने लाएं, अन्यथा इस तरह के बेबुनियाद आरोप बंद करें।

झामुमो स्पष्ट करना चाहती है कि पंचायतों को मिली राशि का उपयोग हमेशा की तरह पूरी पारदर्शिता और जनहित में किया जाएगा। भाजपा को भी अच्छी तरह मालूम है कि माननीय श्री हेमंत सोरेन की सरकार भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपना रखी है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाजपा अगर सच में पंचायतों के विकास को लेकर गंभीर है, तो सहयोगात्मक राजनीति करे, न कि अनावश्यक भय और भ्रम फैलाए।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!