
झामुमो समर्थित प्रत्याशी बिलासी टोपनो की चुनावी कार्यालय का हुआ उद्घाटन
लातेहार:नगर पंचायत चुनाव को लेकर लातेहार में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी टोपनो ने काली मंदिर के समीप अपने चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।दोपहर 3 बजे हुए उद्घाटन समारोह में पूर्व झारखंड मंत्री बैजनाथ राम, झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव एवं प्रत्याशी बिलासी टोपनो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर कार्यालय का शुभारंभ किया।

मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने इसे शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।इस अवसर पर बिलासी टोपनो ने अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया। घोषणा पत्र में होल्डिंग टैक्स पर नियंत्रण, ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, पेयजल संकट से निजात, नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और ऑनलाइन रसीद प्रणाली लागू कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि बिलासी टोपनो लंबे समय से समाजसेवा से जुड़ी रही हैं और हर वर्ग के बीच कार्य किया है। वहीं पूर्व मंत्री बैजनाथ राम ने उन्हें समर्पित एवं कर्मठ प्रत्याशी बताते हुए कहा कि उनकी जीत से नगर का संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।कार्यक्रम में जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, झामुमो जिला सचिव बुद्धेश्वर उरांव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीना उरांव, जिला प्रखंड अध्यक्ष आर्सन तिर्की,मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव,कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष अमित यादव, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिता देवी, फूलचन्द यादव,इमरान अंसारी,मुंगेश्वर राम सहित कांग्रेस, बसपा, माले समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





