झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

Palamu : पांकी प्रखंड क्षेत्र में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों में प्रतियोगी भावना विकसित करने के उद्देश्य से झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रखंड स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में रविवार को पुरस्कार वितरण सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पांकी प्रखंड के मंझौली स्थित ब्राइटफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में एसोसिएशन के तत्वावधान में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, फूल माला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, पांकी परमेश्वर साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के राज्याध्यक्ष अविनाश वर्मा, कई जनप्रतिनिधि, एसोसिएशन के पदाधिकारी, विद्यालय संचालक, शिक्षकगण एवं प्रबुद्ध नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है ओलंपियाड : पंचम प्रसाद

अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों से आग्रह किया कि जो विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करते हैं, उनकी शिक्षा शुल्क में छूट अथवा माफी दी जाए, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिले।

प्राइवेट स्कूल दे रहे हैं क्वालिटी एजुकेशन : अविनाश वर्मा

एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष अविनाश वर्मा ने कहा कि आज प्राइवेट स्कूल सीमित संसाधनों में भी गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर सरकारी विद्यालयों में एक शिक्षक का वेतन लाखों रुपये होता है, वहीं प्राइवेट स्कूल उसी बजट में पूरे विद्यालय का संचालन कर सैकड़ों बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं।

शिक्षक का दर्जा ईश्वर से भी ऊँचा होता है : लवली गुप्ता

भाजपा नेत्री लवली गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन का एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पांकी प्रखंड से लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बच्चों का चयन हो रहा है, जो क्षेत्र की शैक्षणिक प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक का दर्जा ईश्वर से भी ऊँचा होता है, क्योंकि वही बच्चों के भविष्य का निर्माण करता है।

ओलंपियाड जैसी परीक्षाएँ बच्चों को ऊँची उड़ान भरने का अवसर देती हैं : कलीम सर

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कलीम सर ने कहा कि शिक्षा में वास्तविक सुधार के लिए केवल शिक्षकों ही नहीं, बल्कि अभिभावकों की सोच में भी बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओलंपियाड जैसी परीक्षाएँ बच्चों को ऊँची उड़ान भरने का अवसर देती हैं और बड़े लक्ष्य की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कौशल से अधिक इच्छाशक्ति महत्वपूर्ण होती है और अनुशासन ही व्यक्ति को महान बनाता है।

बच्चों को बेहतर शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराना कार्यक्रम का उद्वेश्य है : बिनोद सर

एसोसिएशन के पांकी प्रखंड अध्यक्ष बिनोद सर ने कहा कि यह आयोजन प्राइवेट स्कूलों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराना है।

छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में उप प्रमुख अमित चौहान, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, पांकी पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद, लोहारसी मुखिया पति अरविंद सिंह, पगार मुखिया पति नित्यानंद सिंह, केश्वर यादव, प्राइवेट स्कूल एजुकेशन जिला अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, एसोसिएशन के जिला प्रतिनिधि प्रमोद पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!