झारखंड भाजपा ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा : हेमंत सोरेन को खुश करने में जुटी कांग्रेस अपने ही कार्यकर्ताओं की दे रही बलि

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति में आज जो घटनाक्रम सामने आया है, वह कांग्रेस की दिशा और नीयत दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

प्रतुल शाहदेव ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खुश करने के लिए कांग्रेस अब अपने ही समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री योगेंद्र साव लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं, लेकिन उनके घर को अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद तोड़ा जाना गंभीर सवाल खड़ा करता है। भाजपा प्रवक्ता ने इसे केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल बताया।

प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा कि कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद द्वारा उठाई गई आपत्ति इस बात का संकेत है कि अब असंतोष पार्टी के भीतर से ही सामने आने लगा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से यह कहती रही है कि यह “अबुआ नहीं, बबुआ सरकार” है, लेकिन अब कांग्रेस के भीतर के नेता भी इस बात को स्वीकार करने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि योगेंद्र साव को बिना उचित प्रक्रिया के पार्टी से निष्कासित किया गया, जबकि कई नेताओं द्वारा खुलेआम पार्टी विरोधी बयान देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई।

भाजपा प्रवक्ता ने इरफान अंसारी और केएन त्रिपाठी जैसे नेताओं के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व इस पर मौन बना रहा। उन्होंने यह भी कहा कि योगेंद्र साव ओबीसी समुदाय से आते हैं और उनके साथ हुआ व्यवहार कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ऐतिहासिक रूप से पिछड़ों के अधिकारों को कमजोर किया है, जिसमें मंडल आयोग की रिपोर्ट को लंबे समय तक लंबित रखना शामिल है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!