झारखंड में वज्रपात से तीन महिला समेत 4 की मौत
Ranchi : झारखंड में शुक्रवार को अचानक हुए वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चतरा जिले में तीन महिला और पलामू जिले में एक पुरुष वज्रपात का शिकार हो गए।चतरा जिले के दो गांवाें में हुई आकाशीय बिजली की घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।
चतरा के पत्थलगडा और गिद्धौर प्रखंड के सीमा पर स्थित बंदरचुवा नामक स्थान में महुआ चुनने के क्रम में आकाशीय की चपेट में आने से मोहम्मद महफूज की पत्नी शमा परवीन की मौत हो गई। इस घटना में शमा परवीन की बेटी लाडली उर्फ हुजैफा परवीन और सिंघानी गांव के मोहम्मद महबूब की पत्नी जैतून निशा गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोनों घायलों को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

वहीं मेराल पंचायत के जेहरा गांव में दोपहर बाद हुई आकाशीय बिजली की घटना से संजय भुइयां की दोनों पत्नियां कल्याणी देवी और पूनम देवी की मौत हो गई। इस घटना में संजय भुइयां भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बदल में बैठे दो बच्चे बालबाल बच गए। सभी घर के बाहर बैठे थे।
दोनों महिलाएं पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटकमसांडी लाया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल संजय का इलाज किया जा रहा है। इस घटना से प्रखंड के सिंघानी, बंदरचुवा और जेहरा गांव में मातम का माहौल है।
घटना में पत्थलगड्डा सीओ उदल राम ने कहा कि सभी मृतकों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दी जाएगी।
इधर पलामू जिला अंतर्गत रामगढ़ प्रखंड के सरजा गांव में एक अधेड़ की मौत वज्रपात से हो गई।



