ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद

Latehar :लातेहार पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सदर थाना के एनएच-39 पर कीनामाड़ के पास एक होटल के समीप खड़े ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। यह गांजा बड़ी चतुराई से भूसे की बोरियों के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था।मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी नंदकुमार राम और एसआई रोहित सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ट्रक को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान जब भूसे से भरी बोरियों की तलाशी ली गई तो उसके अंदर छुपाकर रखे गए गांजा के पैकेट बरामद किए गए।जब्त किया गया ट्रक (यूपी 26-टी-7820) रांची से मेदिनीनगर की ओर जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि मादक पदार्थ की तस्करी के लिए यह एक सुनियोजित प्रयास था, जिसमें सामान्य माल के रूप में भूसा लादकर गांजा को छुपाया गया था ताकि संदेह न हो।समाचार लिखे जाने तक बरामद गांजा के पैकेटों की गिनती और वजन करने की प्रक्रिया जारी थी। इस संबंध में लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि गांजा की कुल मात्रा और उसके बाजार मूल्य का आकलन पैकेटों की गिनती और वजन के बाद ही किया जा सकेगा।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!