
नावाजयपुर पुलिस ने रात्रि में अवैध बालू का परिवहन करते दो ट्रैक्टर को किया जप्त
Palamu : पाटन प्रखंड अंतर्गत नावाजयपुर थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।थाना प्रभारी ने बताया कि कनौदी गांव के पास अवैध रूप से बालू परिवहन किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक ट्रैक्टर चालक ने बालू गिराकर फरार होने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को नावाजयपुर थाना लाया गया है। इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी, पलामू को पत्राचार किया गया है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





