
परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई:4 वाहन जब्त, 2.12 लाख रुपये वसूले
लातेहार : उपायुक्त लातेहार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में चंदवा थाना क्षेत्र में बस एवं भारी वाहनों के विरुद्ध सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान का उद्देश्य शहर में फ्री-फ्लो ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा राजस्व संग्रह सुनिश्चित करना था।जांच के दौरान पाया गया कि कई बस चालक बस स्टैंड में वाहन खड़ा करने के बजाय मुख्य सड़क पर ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने का कार्य कर रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई करते हुए नो-स्टॉपिंग जोन में वाहन खड़ा कर सवारी उतारने-चढ़ाने के मामले में एक बस को जब्त कर चंदवा थाना में सुरक्षार्थ रखा गया।वहीं एक जेसीबी का टैक्स अद्यतन नहीं पाए जाने पर उसे भी जब्त कर लिया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑनलाइन चालान किया गया।अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 6 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल 2,12,700 रुपये की वसूली की गई, जबकि कुल 4 वाहनों को जब्त किया गया।इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने टैक्स डिफॉल्टर वाहन मालिकों से अपील की कि वे समय पर रोड टैक्स जमा कर नियमों का पालन करें, ताकि आगे की कार्रवाई से बचा जा सके।





