
पलामू डीआईजी के पद पर किशोर कौशल ने दिया योगदान
Palamu : भारतीय पुलिस सेवा 2012 बैच के अधिकारी किशोर कौशल ने पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), पलामू क्षेत्र के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पलामू क्षेत्र में पुलिस प्रशासन का कार्य टीम भावना के साथ संचालित हो, यही उनकी प्राथमिक अपेक्षा और निरंतर प्रयास रहेगा।

किसी भी घटना का निष्पक्ष उद्भेदन करना प्राथमिकता : डीआईजी
डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि विधि-व्यवस्था का सुदृढ़ संधारण, आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा किसी भी घटना के घटित होने पर उसका ससमय और निष्पक्ष उद्भेदन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में चल रहे पुलिस अभियानों को सतत और परिणामोन्मुख बनाए रखा जाएगा।

हर समस्या का होगा निदान
डीआईजी ने कहा कि पुलिस के समक्ष जो भी चुनौतियां हैं, उन्हें गहराई से समझते हुए उनके निदान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि आमजन में सुरक्षा का भाव और पुलिस पर विश्वास और भी मजबूत हो सके।
डीसी व एसपी ने की शिष्टाचार भेंट

पलामू पहुंचने पर डीआईजी किशोर कौशल को कार्यालय परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर किया गया। पलामू की उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने डीआईजी से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




