पलामू भाजपा कार्यालय में सांसद वीडी राम ने मनाया पार्टी का 47 वाँ स्थापना दिवस
Palamu : पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं संग पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस के मौके पर जिला भाजपा कार्यालय पलामू में आयोजित कार्यक्रम एवं संगोष्ठी में शामिल होकर पार्टी के विकास यात्रा पर मुख्य वक्ता के रूप में अपने वक्तव्यों को साझा किया। सांसद श्री राम ने कहा कि आज भाजपा देश में एक प्रमुख राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में उभर चुकी है एवं देश के सुशासन, विकास, एकता एवं अखंडता के लिए कृतसंकल्पित है।कहा कि 10 साल पार्टी ने विपक्ष की सक्रिय और शानदार भूमिका निभाई। 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी, जो आज ‘सबका साथ, सबका विकास’ की उद्घोषणा के साथ गौरव सम्पन्न भारत का पुनर्निर्माण कर रही है।आज भाजपा लगभग 11 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन गयी है।

भाजपा की मोदी सरकार ने ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’, अमृत मिशन, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं से भारत को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया है। जनधन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी अनेक योजनाएं देश में एक नयी क्रांति का सूत्रपात कर रही हैं। भाजपा सरकार ने देशवासियों को विश्व की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना का उपहार दिया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सुदृढ़, सशक्त, समृद्ध, समर्थ एवं स्वावलम्बी भारत के निर्माण हेतु निरंतर सक्रिय है। पार्टी की कल्पना एक ऐसे राष्ट्र की है जो आधुनिक दृष्टिकोण से युक्त एक प्रगतिशील एवं प्रबुद्ध समाज का प्रतिनिधित्व करता हो तथा प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति तथा उसके मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए महान ‘विश्वशक्ति’ एवं ‘विश्व गुरू’ के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो। इसके साथ ही विश्व शांति तथा न्याययुक्त अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को स्थापित करने के लिए विश्व के राष्ट्रों को प्रभावित करने की क्षमता रखे।कहा कि कार्यकर्ताओं के मेहनत एवं लगन से ही आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का लगाव व स्नेह पार्टी के प्रति इसलिए है कि वे जानते है कि भाजपा भारतीय संविधान में निहित मूल्यों तथा सिद्धांतों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आधारित राज्य को अपना आधार मानती है। पार्टी का लक्ष्य एक ऐसे लोकतान्त्रिक राज्य की स्थापना करना है जिसमें जाति, सम्प्रदाय अथवा लिंगभेद के बिना सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, समान अवसर तथा धार्मिक विश्वास एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो।कहा कि
भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म-मानवदर्शन’ को अपने वैचारिक दर्शन के रूप में अपनाया है। साथ ही पार्टी का अंत्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास एवं सुरक्षा पर भी विशेष जोर है।
भाजपा पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि पार्टी ने पांच प्रमुख सिद्धांतों के प्रति भी अपनी निष्ठा व्यक्त की, जिन्हें ‘पंचनिष्ठा’ कहते हैं। ये पांच सिद्धांत (पंच निष्ठा) हैं-राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता (सर्वधर्मसमभाव), गांधीवादी समाजवाद (सामाजिक-आर्थिक विषयों पर गाँधीवादी दृष्टिकोण द्वारा शोषण मुक्त समरस समाज की स्थापना) तथा मूल्य आधारित राजनीति।उक्त अवसर पर भाजपा जिला वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्टी के पहले पलामू जिला अध्यक्ष रहे श्री श्यामनारायण दुबे जी को माननीय सांसद और जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने शौल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विपिन बिहारी सिंह, विजयानन्द पाठक, नरेन्द्र पाण्डेय, विभाकर नारायण पाण्डेय, नरेन्द्र पाण्डेय, उदय शुक्ला, दुर्गा जौहरी, संध्या सिंह आदि समेत सम्मानित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्त्तागण उपस्थित हुए।



