
पलामू में ठंड और कोहरे के बीच स्कूल खुले, नवीन तिवारी ने किया बंद कराने की मांग
Palamu : पलामू जिले में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे के मद्देनज़र मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी किया गया है।तापमान में आई तेज गिरावट और सुबह-शाम की शीतलहर से आमजन खासे परेशान हैं।इसके बावजूद जिले के अधिकांश विद्यालय सोमवार से नियमित रूप से खोल दिए गए जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। इसी परिस्थिति को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी ने जिला प्रशासन से कड़े शब्दों में मांग की है कि येलो अलर्ट रहते हुए विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए ताकि बच्चों को ठंड और बीमारियों से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन पहले से अलर्ट घोषित कर चुका है तो स्कूलों को खुला रखना छात्रों के साथ जोखिम भरा निर्णय है।
स्थानीय अभिभावकों ने भी किया मांग का समर्थन

नवीन तिवारी ने जिला उपायुक्त से अपील करते हुए कहा कि जिले की वर्तमान मौसम स्थिति का संज्ञान लेते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए और ठंड कम होने तक अवकाश घोषित किया जाए। स्थानीय अभिभावकों ने भी इस मांग का समर्थन किया है और प्रशासन से संवेदनशील रवैया अपनाने की अपेक्षा की है।इधर लोगों की निगाहें अब प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हुई हैं कि क्या बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद करने का आदेश जारी होगा।




