पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को किसानों के खातों में होगी ट्रांसफर
New Delhi : देश भर के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी खबर है. लंबे समय से जिस रकम का इंतजार किया जा रहा था, अब उसकी तारीख तय हो गई है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त अब 13 मार्च को किसानों के खातों में भेजी जाएगी.इस जानकारी की पुष्टि खुद सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम किसान के आधिकारिक अकाउंट के जरिए की है. पोस्ट में साफ बताया गया है कि योजना के तहत अगली किस्त तय तारीख पर सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी.पिछले कुछ समय से किसान इस बात को लेकर इंतजार कर रहे थे कि आखिर 22वीं किस्त कब आएगी. पहले खबरें थीं कि फरवरी के आखिर तक किसानों के खातों में 2000 रुपये भेज दिए जाएंगे. इसके बाद कहा गया कि होली से पहले यह रकम मिल सकती है.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम एक साथ नहीं बल्कि तीन बराबर हिस्सों में दी जाती है. यानि हर चार महीने में किसानों के खाते में 2000 रुपये भेजे जाते हैं. इस तरह साल भर में कुल तीन किस्तें मिलती हैं. यह पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो.




