पेसा के अधिकारों की अनदेखी से नाराज़ ग्रामीणों ने डीसी-एसपी से लगाई गुहार

लातेहार: बालूमाथ प्रखंड की बसिया पंचायत के ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी सुरक्षा और ग्रामसभा के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं जिला खनन पदाधिकारी से मिलने जिला मुख्यालय पहुंचा। ग्राम प्रधान बाबूलाल गंझू ने बताया कि पंचायत के आदिवासी परिवार पहले खेती-किसानी पर निर्भर थे, लेकिन क्षेत्र में कोयला साइडिंग बनने के बाद से कोल डस्ट और तेज रफ्तार हाइवा वाहनों के कारण उनका जीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेसा नियमावली लागू होने के बावजूद ग्रामसभा को विश्वास में लिए बिना कोयले की डंपिंग और लोडिंग की जा रही है। जिला पढ़हा राजा प्रभुदयाल उराँव ने बताया कि ग्रामसभा द्वारा विरोध करने पर प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को कथित रूप से धमकियां दी जा रही हैं तथा दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन से शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से सुरक्षा और पेसा कानून के पालन की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो सैकड़ों परिवारों के साथ रांची स्थित राजभवन (लोक भवन) के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना देंगे और अंतिम विकल्प के रूप में सामूहिक आत्मदाह को बाध्य होंगे। इस मामले के सामने आने के बाद जिले में चर्चा तेज हो गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!