बिहार के अगले मुख्यमंत्री भाजपा के सम्राट चौधरी या और कोई ?
Patna : बिहार में सत्ता परिवर्तन की इबारत लिख दी गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा जाने का फैसला किया है. इस बात को उन्होंने खुद ऐलान कर दिया है, जिसके बाद बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम होगा, लेकिन सवाल यही है कि बीजेपी के किस नेता के सिर सत्ता का ताज सजेगा ?

बीजेपी हमेशा अपने फैसलों से राजनीतिक पंडितों को हैरान करती रही है, लेकिन बिहार की मौजूदा परिस्थितियों में कई बड़े नेताओं के नाम सीएम पद की रेस में चल रहे हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पटना पहुंचे हैं. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के दौरान अमित शाह मौजूद रहेंगे.
बिहार में एनडीए सरकार के अभी छह महीने भी पूरे नहीं हुए कि नीतीश कुमार अब पटना से दिल्ली जाने का फैसला कर लिया है तो बिहार में पावर ट्रांसफर भी तय है. नीतीश की जगह पर बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और उपमुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा. ऐसे तमाम सवाल लोगों के मन में बने हुए हैं.
बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी, संजीव चौरसिया और केंद्रीय नित्यानंद राय के नाम की चर्चा हो रही है. इसके अलावा भी कई अन्य नाम के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन बिहार के सियासी इतिहास में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री होगा.
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे मजबूत माना जा रहा है। सम्राट चौधरी ओबीसी वर्ग के कुशवाहा समाज से आते हैं और पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने संगठन और सरकार, दोनों स्तर पर अपनी स्थिति को मजबूत किया है.




