
भाजपा में शुरू हुआ ‘नवीन’ युग, पीएम मोदी ने कहा : नितिन नवीन मेरे बॉस हैं
New Delhi : नितिन नवीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इसका एलान किया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने उन्हें माला पहनाकर अभिवादन और स्वागत किया।पीएम मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का ये संगठन पर्व देश के कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।पीएम मोदी ने कहा, हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। हमने शून्य से शिखर तक का सफर देखा है।पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री भी रहा, लेकिन मैं भाजपा का कार्यकर्ता रहा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा,नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय बनाना है। नितिन ने खुद को साबित किया है।पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत का निर्माण होना है और यह तय है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन मिलेनियल हैं। पीएम ने कहा, देश अब 21वीं सदी के एक अहम दौर में प्रवेश कर चुका है। पहले 25 साल तेजी से बीत चुके हैं और अब आने वाले 25 साल बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं।

कार्यकर्ता हैं भाजपा की ताकत : नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिल गया है और इसके साथ ही संगठन की राजनीति में एक नई ऊर्जा देखने को मिली। पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने पहले संबोधन में साफ कर दिया कि भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है और आगे की राजनीति भी इसी आधार पर चलेगी। नितिन नवीन ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ की। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद थे। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ-साथ भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों कासम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। नितिन नवीन ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का प्रमाण है। कार्यकर्ता आधारित राजनीति भाजपा की सोच है। भाजपा की सोच सर्वव्यापी और सर्वग्राही है।संबोधन की बड़ी बातें
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि हमने कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा।उन्होंने कहा कि आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है।




