भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में कहा : यह समझौता देश के समग्र हित में है
New Delhi: ससंद में पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कहा है कि भारत-अमेरिका के बीच हुआ यह समझौता देश के समग्र हित में है और इससे भारतीय निर्यातकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस डील में खाद्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी भारत की संवेदनशीलताओं का पूरा ध्यान रखा गया है। यह साझेदारी एमएसएमई सेक्टर, उद्योगों और छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए फायदेमंद साबित होगी।गोयल के बयान के दौरान लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा, लेकिन मंत्री ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए बातचीत पूरी की है।उन्होंने बताया कि अमेरिका ने भारत पर तुलनात्मक रूप से कम टैरिफ लगाया है। मंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी 2025 की अमेरिका यात्रा के बाद से दोनों देशों के बीच समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बातचीत होती रही। वार्ताकारों ने विभिन्न स्तरों पर गहन चर्चा की।इससे पहले उन्होंने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके डील का ब्योरा दिया था। उन्होंने कहा था कि यह डील वास्तव में भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला है। पीएम मोदी ने अपनी मित्रता के जरिए राष्ट्रपति ट्रंप के साथ ट्रेड डील तय की है। यह हमारे सभी पड़ोसी देश और जो देश हमारे साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं, उनमें सबसे अच्छी डील हमें मिली है। यह देशवासियों के लिए शुभ संकेत लाती है।





