भारी पड़ा रील बनाना, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू लाइन हाजिर, चंदन कुमार को मिली कमान
हुसैनाबाद : गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर थाना परिसर में वर्दी पहनकर पत्नी संग डांस रील बनाना हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद उठे सवाल अब विभागीय कार्रवाई में तब्दील हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस.मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में वर्दी की गरिमा और अनुशासन भंग होने की पुष्टि के बाद पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने सख्त कदम उठाते हुए इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है।

प्रशासनिक स्तर पर तुरंत प्रभाव से बदलाव करते हुए पाटन के अंचल निरीक्षक चंदन कुमार को हुसैनाबाद का नया थाना प्रभारी पदस्थापित किया गया है।पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वर्दी और पद की गरिमा से जुड़ा कोई भी आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।रील से शुरू हुआ यह मामला अब उदाहरण बन गया है कि कानून के रखवालों पर भी नियम उतने ही सख्त हैं और चूक की कीमत कार्रवाई से चुकानी पड़ती है।




