
मंईयां सम्मान योजना की 18वीं व 19वीं किश्त जल्द मिलने का आसार
लातेहार:मंईया सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। सूत्रों के अनुसार योजना की 18वीं और 19वीं किश्त जारी करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। संभावना है कि अगले सप्ताह सोमवार से बुधवार के बीच महिलाओं के बैंक खातों में लगभग 5000 रुपये की राशि भेज दी जाएगी।जानकारी के अनुसार पिछले माह लातेहार जिले की करीब 1 लाख 30 हजार 239 महिलाओं को मंईया सम्मान योजना की 17वीं किश्त का भुगतान किया गया था। इस बार लगभग 1 लाख 29 हजार 770 लाभुकों के खातों में कुल 64 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये की राशि भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस माह लाभुकों की संख्या में थोड़ी कमी आने की भी संभावना है।इधर कई महिलाओं की शिकायत मिल रही है कि उनके खाते में योजना की राशि नहीं पहुंच रही है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों का आधार बैंक खाते से सीडिंग नहीं हुआ है या जिनके दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।ऐसे में जिन लाभुकों का आधार सीडिंग नहीं हुआ है, वे तुरंत बैंक जाकर आधार सीडिंग कराएं तथा दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की त्रुटि हो तो उसे जल्द ठीक करा लें, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।





