मणिपुर : 3 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार-विस्फोटक बरामद
Imphal : मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को और तेज कर दिया है। इन अभियानों के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई में कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है, बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं तथा भारत-म्यांमार सीमा के संवेदनशील इलाकों में लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, 29 जनवरी को इंफाल पूर्वी जिले में मणिपुर पुलिस ने पोरोमपत थाना क्षेत्र के पैलेस गेट इलाके से केसीपी (एमसी प्रोग्रेसिव) गुट के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बिष्णुपुर जिले के नंगखा लवाई मानिंग लेइकाई निवासी अखोम डेविड सिंह उर्फ एटोम्बा (24) और बिष्णुपुर जिले के ही मोइरांग खुथेकपी निवासी पोटशांगबम जॉनसन सिंह उर्फ अबुंगो (25) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में इंफाल पश्चिम जिले के पाट्सोई थाना क्षेत्र के खुंबोंग खैडेम अवांग लेइकाई में रह रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इसी दिन एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के नोंगडा अवांग लेइकाई में एक घर से प्रीपाक (प्रो) (जी-5) गुट के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान युमनाम पंचायफाबा मैतेई उर्फ याइखोंबा (30) के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया।




