मनातू में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, 3 घायल
Palamu : पलामू जिले के मनातू ब्लॉक के समीप सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान रहैया गांव निवासी आलिम अंसारी के 20 वर्षीय पुत्र अकबर अंसारी के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान सोनी कुमारी (पिता अर्जन यादव), पूजा कुमारी (पिता सरजू यादव) और पुनिल कुमार (पिता लखन यादव) के रूप में हुई है। सभी घायल मनातू थाना क्षेत्र के निवासी हैं और आपस में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों घायल एक ही बाइक पर सवार होकर मनातू हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अकबर अंसारी की बाइक से मनातू बलौक के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मनातू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने अकबर अंसारी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।जहां उनका उपचार जारी है।इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
सोमवार की शाम करीब छह बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सबसे मार्मिक बात यह है कि आज ही मृतक की बहन की शादी थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।




