मनोज सिंह लड़ेंगे वार्ड कमिश्नर का चुनाव, डिप्टी मेयर पद पर ठोकेंगे दावेदारी
Palamu : मेदिनीनगर शहर के चर्चित चेहरा मनोज सिंह ने चुप्पी तोड़ दी। गुरुवार को उन्होंने नगर निगम चुनाव के बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि वे वार्ड कमिश्नर का चुनाव लड़ेंगे और डिप्टी मेयर पद पर अपना दमदार दावा ठोकेंगे।

18 वर्षों के बाद खत्म होगा मनोज सिंह का राजनीतिक बनवास

नगर निगम चुनाव में मनोज सिंह काफी चर्चा में हैं। चर्चा में रहने का कारण यह है कि बहुत दिनों से नगर निगम का चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। ऐसा माना जा रहा था कि वे मेयर पद के प्रबल दावेदार हैं। लेकिन यहां का सीट जब महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया, तब इस बात की चर्चा जोर-शोर से होने लगा कि अब मनोज सिंह का अगला कदम क्या होगा ? एक ओर जहां मेयर पद के सभी प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने के लिए अपना जनसंपर्क अभियान छोड़ दिया, वहीं दूसरी तरफ मनोज सिंह अपने बारे में कोई निर्णय नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने अपना निर्णय यहां की जनता पर छोड़ दिया। इस बीच चर्चा होते रहा कि मनोज सिंह अपनी पत्नी को मेयर प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारेंगे।
इन सभी चर्चाओं के बीच काफी सोच समझकर मनोज सिंह ने वार्ड कमिश्नर के चुनाव लड़ने का निर्णय ले लिया। कई मायनों में इनका यह निर्णय सही है। अगर वे वार्ड कमिश्नर का चुनाव जीतते हैं तो उनकी सीधी दावेदारी उपमहापौर के पद पर होगी। यह तो सच है कि मनोज सिंह वार्ड कमिश्नर का चुनाव डंके की चोट पर जीतने जा रहे हैं और संभवत डंके की चोट पर वे उपमहापौर भी बनेंगे। इसकी प्रबल संभावना है। अगर यह होता है तो 18 वर्षों के बाद मनोज सिंह का राजनीति का वनवास खत्म होगा और उनका किस्मत चमकेगा। बता दे कि मनोज सिंह का ऐसा व्यक्तित्व है कि उनसे हर कोई खुश नजर है। वे सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।
मनोज सिंह ने क्या कहा ?

मनोज सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उनकी प्रबल इच्छा थी कि वे मेयर पद के प्रत्याशी के रूप में सीधे जनता के बीच जाएँ। विगत वर्षों में जनता से मिले अपार स्नेह, समर्थन और विश्वास ने सदैव उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि वे राजनीति में शुचिता, नैतिकता और सिद्धांतों के पक्षधर रहे हैं। केवल चुनाव जीतने के उद्देश्य से अपनी पत्नी या परिवार की किसी महिला सदस्य को ‘डमी कैंडिडेट’ बनाकर मेदिनीनगर की जनता पर अपना निर्णय थोपना उन्हें स्वीकार्य नहीं है।मनोज सिंह ने कहा कि इस बार डिप्टी मेयर का चुनाव अप्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के तहत पार्षदों के माध्यम से होना है।जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने इस पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने बताया कि शहर के बुद्धिजीवियों, समर्थकों और जागरूक नागरिकों की यह स्पष्ट राय है कि मेदिनीनगर को एक अनुभवी, सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है।विकास की गति को तेज करने के लिए प्रशासनिक अनुभव, मजबूत पकड़ और स्पष्ट विज़न अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से मनोज सिंह ने अपने वार्ड से वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ेंगे और डिप्टी मेयर पद के लिए स्वयं को आगे बढ़ा रहे हैं, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सके तथा शहरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सके।





