
मासूम आर्ट ग्रुप ने बिखेरा जलवा : सैकत चटर्जी बने बेस्ट स्क्रिप्ट राइटर व बेस्ट एक्टर सेकेंड
साल 2025 के अंत में मासूम ने लगाया पुरस्कारों का छक्का
Palamu : बिहार के डालमियानगर में अभिनव कला संगम द्वारा आयोजित अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में पलामू की संस्था मासूम आर्ट ग्रुप ने छह पुरस्कार जीतकर साल की शानदार अंत की। 17 राज्य स्तरीय दलों के बीच हुए प्रतियोगिता ने मासूम आर्ट ग्रुप को तीसरा सर्वश्रेष्ठ नाटक का पुरस्कार मिला। मासूम के अध्यक्ष विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता में संस्था द्वारा प्रस्तुत नाटक “हमारे राम” को तृतीय पुरस्कार मिला। प्रथम पुरस्कार उत्तरप्रदेश व द्वितीय पुरस्कार दिल्ली को मिला। चौथे स्थान पर पश्चिम बंगाल की टीम रही। सोमवार की देर रात हुए पुरस्कार वितरण समारोह में मासूम के नाम कुल छह पुरस्कार आए। नाटक को तृतीय पुरस्कार के साथ साथ इसके लेखक सैकत चटर्जी को बेस्ट राइटर का प्रथम पुरस्कार मिला। इसी नाटक में रघुपति पासवान की भूमिका में शानदार अभिनय करने के लिए सैकत को बेस्ट एक्टर का द्वितीय पुरस्कार मिला।

इन रंगकर्मियों को भी मिला पुरस्कार

पलामू की वरीय रंगकर्मी मुनमुन चक्रवर्ती को लाजवंती की भूमिका के लिए अभिनेत्री का अध्यक्षीय पुरस्कार मिला। राम की भूमिका में बेहतरीन अभिनय कर अमर कुमार भांजा ने बेस्ट विलेन का प्रथम पुरस्कार जीता। राजा सिन्हा, सिकंदर कुमार, विजय राम व मो. नसीम द्वारा प्रस्तुत संगीत को बेस्ट म्यूजिक का प्रथम पुरस्कार मिला। मासूम के अध्यक्ष विनोद पाण्डेय ने बताया कि डालमियानगर में हुई प्रतियोगिता में इस नाटक को पहली बार प्रस्तुत किया गया।
नाटक में अन्य कलाकारों में राज प्रतीक पाल, शहजादा तालिब, अदनान कासिफ, रुद्र प्रताप सिंह बाबू, राहुल कुमार, मुकेश विश्वकर्मा, संजीत प्रजापति आदि शामिल थे। इस नाटक का मंचन शीघ्र ही टाउन हॉल में किया जाएगा।
मासूम की सफलता पर इन लोगों ने दिया बधाई

मासूम के इस सफलता पर निगम की प्रथम मेयर अरुणा शंकर, नवीन सहाय, प्रभात मिश्रा सुमन, किशोर शुक्ला, राम किशोर पाण्डेय , अनवर हुसैन, प्रसिद्ध राम, शिवशंकर प्रसाद, बृजेश शुक्ला, शिशिर शुक्ला, उपेन्द्र मिश्रा आदि ने बधाई दिया है।




