
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव : गर्म हुआ चर्चाओं और उम्मीदों का बाजार
नम्रता की एंट्री और पूनम के जेएमएम ज्वाइन करने से पलामू की राजनीति में हलचल

Palamu : 18 जनवरी रविवार का दिन पलामू की राजनीति के लिए हलचल या यह कहिए कि भूचाल लेकर आया। एक तरफ पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के टाउन हॉल में पलामू जिला व्यवसाई संघर्ष समिति के बैनर तले शहर के प्रमुख लोगों का जुटान हुआ। इस जुटान का मतलब यह था कि नगर निगम चुनाव में एक ऐसे कैंडिडेट का एंट्री होना चाहिए, जो निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करे और मेदिनीनगर शहर में फल-फूल रहे अपराध का समूल नाश कर सके। बैठक में एक ऐसा नाम आया, जिसको करीब-करीब सभी ने स्वीकार कर लिया। यह नाम है नम्रता त्रिपाठी, जो प्रदेश के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी की बेटी है। इस नाम पर करीब करीब मुहर लग ही चुका है। दूसरी तरफ राजधानी रांची में पूनम सिंह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा ज्वाइन कर लिया। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर में स्थित पूनम सिंह एक ऐसे घराने से हैं, जो लंबे समय तक नगरपालिका (अब नगर निगम) पर राज किया है। ऐसे तो नगर निकाय का चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। लेकिन पूनम सिंह के झारखंड मुक्ति मोर्चा ज्वाइन करने से और नम्रता की एंट्री से पूरा चुनावी समीकरण बदल चुका है। नम्रता कांग्रेस की दिग्गज नेता केएन त्रिपाठी की पुत्री हैं। इस करण नगर निगम का चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है।

मेदिनीनगर निगम क्षेत्र में चर्चाओं और उम्मीदों का बाजार पूरी तरह से गर्म हो गया है। ऐसे अभी कुछ कहना जल्दीबाजी होगा। क्योंकि अभी भी कुछ लोग हैं, जो अपना पता नहीं खोले हैं। अब धीरे धीरे पता खुलना शुरू हुआ है। वह दिन दूर नहीं, जब पूरा चुनावी परिदृश्य हम सबों के सामने होगा। इतना तो तय है कि नम्रता और पूनम के आने से चुनावी समीकरण बनने-बिगड़ने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।




