
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव : भाजपा के लिए चुनौती बना पार्टी को एकजुट रखना
Palamu : झारखंड राज्य का हॉट सीट बन चुके मेदिनीनगर नगर निगम के चुनाव में भाजपा से कई लोग महापौर प्रत्याशी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। प्रथम महापौर अरुण शंकर सहित पूर्व महापौर मंगल सिंह की पत्नी रिंकू देवी, पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष परशुराम ओझा की पत्नी जानकी देवी और मीना देवी प्रमुख रूप से चुनाव मैदान में उतरने के लिए आतुर देखे जा रहे हैं। इनमें से कुछ ऐसे हैं जो पार्टी लाइन पर चलने को तैयार हैं। और कुछ ऐसे भी हैं जो पार्टी लाइन से अलग हटकर चलना चाहते हैं। ऐसे लोगों का मानना है कि यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। इसलिए चुनाव लड़ने से कोई नहीं रोक सकता है। पार्टी लाइन पर चलने वाले लोगों का कहना है कि पार्टी जो निर्णय लेगी, उसको मानेंगे। इन दोनों ही स्थितियों-परिस्थितियों को देखने से ऐसा लगता है कि मेयर पद के प्रत्याशी को लेकर पार्टी जो निर्णय लेगी, उस निर्णय को लोग मानेंगे ? यह बड़ा सवाल है। वर्तमान समय में प्रथम महापौर अरुणा शंकर और मंगल सिंह की पत्नी रिंकू देवी तो पूरी तरह से चुनावी समर में कमर कस कर दौड़ चुकी हैं। इन दोनों पर पार्टी क्या निर्णय लेती है, यह देखना दिलचस्प होगा। परशुराम ओझा को भी मनाना कोई आसान नहीं है। क्योंकि उनकी प्रसिद्धि नगर निगम क्षेत्र में “पानी बाबा” के रूप में है।
बहरहाल, नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा सक्रिय दिख रही है। बैठकों का दौर भी शुरू है। पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में इस मुद्दे को लेकर मंथन भी शुरू हो गया है। अभी हाल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री, मनोज सिंह, पलामू के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, पांकी के विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता और पूर्व सांसद मनोज कुमार ने भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीयों के साथ अहम बैठक की। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव में पार्टी की रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने पार्टी की एकजुटता पर विशेष बल दिया। नगर निगम के चुनाव में पार्टी को एकजुट करने में भाजपा कितना सफल होती है ? सबकी निगाहें इसी सवाल पर है।





