रंग लाया प्रिंस सिंह का अनशन, प्रशासन ने पांकी में शुरू किया ट्रैफिक सिस्टम ठीक करने की कवायद

Palamu : पांकी के समाजसेवी प्रिंस सिंह द्वारा सड़क जाम और अतिक्रमण के खिलाफ किए गए शांतिपूर्ण अनशन का स्पष्ट असर अब ज़मीन पर दिखने लगा है।अनशन के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हुआ और प्रखंड मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। जिसमें यातायात व्यवस्था में सुधार और अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर कई ठोस निर्णय लिए गए। बैठक में प्रशासन, जनप्रतिनिधि, अनशनकारी, ऑटो–टेम्पो चालक संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, बाजार सुरक्षा समिति, बस संचालक और समाजसेवियों की उपस्थिति रही।

बैठक में इन बातों पर बनी सहमति



बैठक में यह तय किया गया कि कर्पूरी ठाकुर चौक से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद चौक से अंबेडकर चौक, तथा शहीद चौक से आगे मस्जिद एवं बंधन बैंक तक पक्की अथवा पीसीसी सड़क पर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा नहीं किया जाएगा। सड़क के बाहर भी वाहन केवल अनुशासित और निर्धारित तरीके से ही खड़े किए जाएंगे, इधर-उधर या जैसे-तैसे खड़ा करने पर कार्रवाई होगी।



नो-पार्किंग ज़ोन घोषित

कर्पूरी ठाकुर चौक और शहीद भगत सिंह चौक के 20 मीटर के दायरे को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही इन दोनों चौकों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पुलिस बल की स्थायी तैनाती रहेगी।

टेम्पो संचालन को लेकर नई व्यवस्था

मेदिनीनगर की ओर से आने वाले टेम्पो सीधे लालू मैदान में रुकेंगे। लोहरसी से आने वाले टेम्पो मस्जिद से पहले बंधन बैंक के पास ही रुकेंगे। ताल से आने वाले टेम्पो थाना रोड होकर बकरी बाजार में खड़े होंगे। पुराना ब्लॉक रोड से आने वाले टेम्पो अंबेडकर चौक से पहले मझौली रोड में खड़े होंगे।
राम जानकी मंदिर के सामने बाजार क्षेत्र में किसी भी टेम्पो के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। टेम्पो चालकों को यह भी सख्त निर्देश दिया गया कि वे सड़क पर रुक-रुक कर सवारी न उतारें-चढ़ाएं।



बड़ी गाड़ियों के लिए भी बना नियम

डाल्टेनगंज रूट की बड़ी गाड़ियां शहीद चौक पर एक-एक करके खड़ी होंगी, चौक पर बैक करना प्रतिबंधित रहेगा।रांची एवं बनारस जाने वाली गाड़ियां अपने निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व ही स्टैंड में लगाई जाएंगी। कोई भी मालवाहक वाहन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक पांकी मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में माल लोड या अनलोड नहीं कर सकेगा।

व्यवसायियों और सब्जी विक्रेताओं को निर्देश

व्यवसायियों को हिदायत दी गई कि वे पीसीसी पथ पर दुकान का विस्तार न करें। वहीं सब्जी विक्रेताओं को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे पक्की सड़क पर दुकान न लगाएं और सब्जी मार्केट में ही अपना व्यवसाय करें।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद,प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ललित प्रसाद सिंह, उप प्रमुख अमित चौहान, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, मुकेश सिंह चंदेल, तेतरिया मुखिया, पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद, मंजुलता दुबे, समाजसेवी प्रिंस सिंह, शौकत अंसारी, अबु हसन आफताब आलम, चंद्रशेखर सिंह, दिलीप ठाकुर, टेम्पो चालक संघ अध्यक्ष रंजीत पासवान, उमेश गुप्ता, महावीर प्रसाद, डब्लू गुप्ता, उदय प्रसाद सिंह, प्रमोद सिंह सहित प्रशासन, जनप्रतिनिधि, अनशनकारी, ऑटो चालक संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, बाजार सुरक्षा समिति, बस संचालक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

आंदोलन का प्रभाव

प्रशासनिक स्तर पर हुई इस सक्रियता को अनशन आंदोलन की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि तय समय में निर्णयों का पालन नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब पांकी को रोज़ के जाम और अव्यवस्था से स्थायी राहत मिलेगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!