रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस अलर्ट
Ranchi : रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अज्ञात व्यक्ति ने मेल के माध्यम से भेजे गए मैसेज में कहा कि इस बार 14 साइनाइट बम के विस्फोट से कोर्ट उड़ा दिया जाएगा। धमकी देने वाले ने आगे लिखा कि कोर्ट का होने का क्या फायदा जब बेगुनाहों को इंसाफ नहीं मिल पाता। धमकी भरे मैसेज मिलने के बाद रांची पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता कोर्ट परिसर में पहुंचकर तलाशी ले रहे हैं। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीम ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की जांच की।

सुरक्षा को लेकर कोर्ट परिसर को अस्थायी रूप से पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। यह पहली बार नहीं है, जब रांची सिविल कोर्ट को धमकी मिली है। 28 फरवरी को भी अज्ञात शख्स ने मेल भेजकर कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी थी। उस समय भी पुलिस और जिला प्रशासन ने पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। पुलिस अधिकारी बता रहे हैं कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कोर्ट परिसर की पूरी जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम सतर्क है। आम लोगों और कोर्ट कर्मचारियों को भी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच, मामले की जांच में भी तेजी लाई गई है और धमकी देने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं।




