रामनवमी को लेकर लातेहार में मॉक ड्रिल का आयोजन,तैयारियों का किया आकलन

लातेहार:रामनवमी पर्व के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने को लेकर आज पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन रोड में मॉक ड्रिल आयोजित की गई।मॉक ड्रिल के दौरान सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर समय सतर्क रहना जरूरी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।अभ्यास में भीड़ नियंत्रण, अवैध जमावड़े को हटाने तथा पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों की आड़ में उत्पात मचाने वाले तत्वों पर काबू पाने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया।इस दौरान पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग और वाटर कैनन के इस्तेमाल का भी रिहर्सल किया गया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।थाना प्रभारी ने सभी पुलिसकर्मियों को मॉक ड्रिल में दिए गए निर्देशों का पालन करने और वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने पर जोर दिया।गौरतलब है कि रामनवमी को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं, वहीं ड्रोन कैमरों की मदद से संवेदनशील इलाकों और मकानों की छतों पर निगरानी रखी जा रही है। मॉक ड्रिल में पुलिस केंद्र के सार्जेंट सहित सदर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!