राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निजी अस्पतालों को दिया संदेश, कहा : स्वास्थ्य सेवाएं देते समय निभाएं अपनी जिम्मेदारी
New Delhi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि सभी के लिए सस्ती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हम सबका लक्ष्य होना चाहिए। मुर्मू मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल की ओर से आयोजित ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ अभियान की शुभारंभ के अवसर पर संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि भारत वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में प्रतिष्ठा हासिल करेगा। राष्ट्रपति ने निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों से कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाएं देते समय अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का भी ध्यान रखें।
उन्होंने कहा, स्वस्थ भारत के निर्माण में सरकार के साथ-साथ अन्य सभी हितधारकों की भी भूमिका अहम है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा जन-जन तक पहुंचे इसके लिए सब को मिलकर प्रयास करना है। राष्ट्रपति ने कहा कि तकनीक और एआई अन्य क्षेत्रों की तरह चिकित्सा के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। चिकित्सा के हर क्षेत्र में इनका प्रयोग किया जा रहा है। आने वाले समय में इनकी भूमिका और भी बढ़ने वाली है।




