लाखों के अफीम के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
Khunti : पुलिस ने अड़की थाना क्षेत्र के ग्राम नौढ़ी, बाबूटोली में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़े पैमाने पर डोडा बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके घर से 330 किलोग्राम अफीम( डोडा) बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली थी। अड़की थाना के ग्राम नौढ़ी, बाबू टोली में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़े पैमाने पर अफीम( डोडा) छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। गुरुवार को पुलिस टीम ने नौढ़ी, बाबूटोली पहुंचकर घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।
इस दौरान मौके पर मौजूद युवक ने अपना नाम अंकित हजाम उर्फ साजू ठाकुर (28) बताया। पूछताछ में उसने अपने भाई लालू हजाम के साथ मिलकर डोडा का अवैध कारोबार करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुल 21 बोरा में 330.21 किलोग्राम अफीम ( डोडा) बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49.53 लाख रुपये आंकी गई है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर लालू हजाम (31 ) को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में अड़की थाना में 25 मार्च को कांड संख्या 07/26, एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 15(सी), 22(सी) और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार, कुंदन कुमार तथा अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने 37 लाख रूपये मूल्य की अफीम और डोडा बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।




