
लातेहार नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बने संतोष रंजन
लातेहार: नगर पंचायत लातेहार के वार्ड संख्या 11 के पार्षद संतोष रंजन नगर पंचायत के नए उपाध्यक्ष चुने गए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी वार्ड संख्या 15 की पार्षद गुड़िया शिन्हा को तीन मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव में संतोष रंजन को 9 मत जबकि गुड़िया शिन्हा को 6 मत प्राप्त हुए।बताया जाता है कि 14 मार्च को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उसी दिन समाहरणालय के सभागार में नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी कराया गया।उपाध्यक्ष पद के लिए दो वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें वार्ड संख्या 11 के संतोष रंजन और वार्ड संख्या 15 की गुड़िया शिन्हा शामिल थीं। चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी रामा रविदास ने संतोष रंजन को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अंचल अधिकारी नंदकुमार राम भी उपस्थित थे।
उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद समाहरणालय परिसर में भाजपा नेताओं एवं समर्थकों ने संतोष रंजन का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने आभार यात्रा निकाली, जिसमें लोगों ने उन्हें अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।गौरतलब है कि संतोष रंजन व्यवहार न्यायालय लातेहार में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं और लगातार चौथी बार वार्ड पार्षद का चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।





