
शैक्षणिक एवं तरबियती कार्यक्रम गरिमा पूर्ण माहौल में किया गया आयोजित
बारियातू:प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इटके ग्राम स्थित जामिया इस्लामिया अली बिन अबीतालीब परिसर में गुरुवार रात्रि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों का वार्षिक शैक्षणिक एवं तरबियती कार्यक्रम गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जामिया के प्रिंसिपल हजरत मौलाना अबुशहमा नदवी ने की। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जामिया के रईस मौलाना ओजैर कासमी ने कहा कि आज के दौर में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ अंग्रेजी,गणित, विज्ञान और टेक्नोलॉजी की शिक्षा भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल दीन या केवल दुनिया की तालीम पर्याप्त नहीं, बल्कि दोनों का संतुलन ही बच्चों को कामयाब बनाता है। पवित्र कुरान को हिफ्ज (जुबानी याद) करने के साथ उसके संदेशों को जीवन में उतारना और सभी विषयों में महारत हासिल करना ही असली सफलता है।
जमीयत उलेमा-ए-झारखंड के जनरल सेक्रेटरी हाजी शाह उमैर ने कहा कि जो इंसान कुरान से जुड़ता है, वह हमेशा तरक्की करता है। उन्होंने मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी मदरसों को जमीयत ओपन स्कूल व जमीयत स्टडी सेंटर से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि मदरसे के बच्चों को मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट मिल सके और आगे की पढ़ाई में कोई परेशानी न हो।जेएमएम के प्रदेश नेता सह समाजसेवी जुनैद अनवर एवं अब्दुल वाजिद चतुर्वेदी ने भी शिक्षा और समाज के विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है और नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षित करना समय की मांग है। उन्होंने बच्चों के बेहतर किरदार निर्माण पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल मौलाना अबुशहमा नदवी ने जामिया में अध्ययनरत बच्चों की वार्षिक प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत की और उनके शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी। बच्चों ने कुरान तिलावत, तकरीर और अन्य शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में हजारीबाग से आए नातख्वां मोहम्मद कैफी ने हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) की शान में एक से बढ़कर एक नात पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। नातिया कलाम को सुनकर पुरा मजलिस भावविभोर हो उठे।मौके पर टोंटी पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद होजैफा,इटके के सदर मो सालिम, पूर्व सदर मोहम्मद तौहीद आलम, मौलाना मुर्शीद, सहित काफी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में जामिया प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





