
संत मरियम विद्यालय का भ्रमण करेंगी कल्पना सोरेन, अविनाश देव को दिया भरोसा

Palamu : संत मरियम आवासीय विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने गांडेय विधायक सह झारखंड विधानसभा महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष कल्पना सोरेन से मुलाकात की। रांची स्थित आवासीय कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान श्री देव ने उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं और मेदिनीनगर स्थित अपने विद्यालय में आने के लिए आमंत्रित किया।
अविनाश देव ने झारखंडी संस्कृति से किया स्वागत
मुलाकात के दौरान अविनाश देव ने कल्पना सोरेन को अंगवस्त्र और झारखंडी संस्कृति को दर्शाने वाली तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया।इस दौरान पलामू में शिक्षा के स्तर और विद्यालय की गतिविधियों पर लंबी चर्चा हुई। श्री देव ने विद्यालय की विवरणिका (प्रोस्पेक्टस) भी सौंपी, जिसे देखकर श्रीमती सोरेन काफी प्रभावित हुईं।
कल्पना सोरेन ने बच्चों को गोद लेने की पहल को सराहा
अविनाश देव ने जब विद्यालय के हॉस्टल और वहां गोद लिए गए बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के बारे में बताया, तो कल्पना सोरेन ने काफी उत्सुकता दिखाई। उन्होंने कहा, “मुझे शिक्षा से हमेशा लगाव रहा है। आज जिम्मेदारी थोड़ी बड़ी है, लेकिन शिक्षा के प्रति मेरा प्रेम कम नहीं हुआ है। पलामू जैसे सुदूर जिले में इस तरह का शैक्षणिक संस्थान होना सराहनीय है.
कल्पना सोरेन ने पलामू आने की दी सहमति
विद्यालय के सामाजिक कार्यों और शैक्षणिक वातावरण से प्रभावित होकर कल्पना सोरेन ने विद्यालय आने के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही संत मरियम विद्यालय का भ्रमण करेंगी और बच्चों से मुलाकात करेंगी। मुलाकात के बाद अविनाश देव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यालय के लिए प्रेरणादायक होगा.




