संत मरियम स्कूल के निदेशक अविनाश देव ने कहा : नए शैक्षणिक सत्र को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाया जाएगा

मेदिनीनगर : आगामी शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ को लेकर संत मरियम आवासीय विद्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा, अधोसंरचना, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि संत मरियम आवासीय विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और संस्कार को अपनी आधारशिला मानते हुए निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आगामी शैक्षणिक सत्र को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कजरी विद्यालय परिसर में उच्चस्तरीय शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएँ विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं में इंटरैक्टिव पैनल से सुसज्जित स्मार्ट क्लासरूम, हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, सभी विषयों की अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, संतुलित व पौष्टिक भोजन व्यवस्था, सुरक्षित एवं अनुशासित आवासीय सुविधा, स्वच्छ-शांत वातावरण तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु 24 घंटे सतत निगरानी व्यवस्था शामिल है।
विद्यार्थियों को टेक्नोलॉजी से जोड़ा जाएगा
प्रेस वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी शैक्षणिक सत्र से अंतरिक्ष ज्ञान केंद्र के तत्वाधान में विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने की एक नई पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत इसरो स्पेस ट्यूटर के माध्यम से विद्यार्थियों को रॉकेट, मिसाइल, ड्रोन तकनीक एवं अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण व रोचक जानकारियाँ नियमित रूप से प्रदान की जाएँगी, जिससे छात्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित हो सके।
स्पेशल स्पोर्ट एकेडमी की होगी स्थापना
अविनाश देव ने बताया कि शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों के शारीरिक मानसिक एवं नैतिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी सत्र से स्पेशल स्पोर्ट एकेडमी की स्थापना की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभावना विकसित करने के उद्देश्य से सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रारंभ किया जाएगा।
क्वालिटी एजुकेशन संत मरियम की पहचान कुमार : आदर्श
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुमार आदर्श ने कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा संचालित स्कॉलरशिप प्रोग्राम के अंतर्गत वर्तमान शैक्षणिक सत्र में दर्जनों मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप की राशि प्रदान की गई है। यह प्रेरणादायी योजना आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रह जाए।
शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए नामांकन प्रारंभ हो चुका है
विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दिया कि शैक्षिक सत्र 2026– 27 के लिए नामांकन प्रारंभ हो चुका है। फार्म ,प्रोस्पेक्टस एवं नामांकन हेतु प्रैक्टिस पत्र भी हॉस्टल ऑफिस में उपलब्ध है।
मौके पर इनकी रही उपस्थिति
मौके पर चैनपुर किड्स स्कूल निदेशक आनंद कुमार, प्रवीण दुबे, समन्वयक रोशन राज, विकास विश्वकर्मा, श्याम किशोर पांडे, मौजूद रहें।




