संत मरियम स्कूल में शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर शिक्षकों के साथ चेयरमैन अविनाश देव ने की बैठक

पलामू : संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव की अध्यक्षता में विद्यालय के शिक्षकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्तमान शैक्षणिक सत्र की विस्तृत समीक्षा करना तथा आगामी नए सत्र की योजनाओं को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाना रहा।

चेयरमैन अविनाश देव ने शैक्षणिक वार्षिक कैलेंडर को बारीकी से समझा

बैठक के दौरान चेयरमैन देव ने सत्र समाप्ति से पूर्व विद्यालय के शैक्षणिक वार्षिक कैलेंडर को बारीकी से समझते हुए उसकी गहन समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों के साथ मिलकर यह आकलन किया कि मौजूदा सत्र में किन-किन बिंदुओं पर कमियां रह गईं और उन्हें आगामी सत्र में किस प्रकार दूर कर शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी साझा किया अपने विचार

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षित वातावरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

शिक्षक को केवल विषय विशेषज्ञ नहीं, बल्कि मार्गदर्शक भी होना चाहिए : एसबी साहा

उपप्राचार्य एसबी साहा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय की सफलता का आधार अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की निरंतर तैयारी और विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण है।उन्होंने कहा कि हर शिक्षक को केवल विषय विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक की भी भूमिका निभानी चाहिए, जो बच्चों की क्षमताओं को पहचान कर उन्हें सही दिशा दे सके। श्री साहा ने शिक्षण में निरंतरता, समय प्रबंधन और सकारात्मक संवाद को विद्यार्थियों की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

तकनीक का संतुलित और सकारात्मक उपयोग होना चाहिए : प्रवीण दुबे

शिक्षक प्रवीण दुबे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि बदलते परिवेश और उन्नत प्रौद्योगिकी के इस दौर में विद्यार्थियों को बिना किसी डिस्ट्रैक्शन के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने इस पर जोर दिया कि तकनीक का संतुलित और सकारात्मक उपयोग कर, अनुशासन एवं एकाग्रता को बढ़ावा देकर बच्चों को बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

अविनाश देव ने शिक्षकों से रचनात्मक सुझाव किया आमंत्रित

अंत में चेयरमैन अविनाश देव ने शिक्षकों से रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए और उन्हें भविष्य की योजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी शिक्षकों को नए सत्र में और अधिक समर्पण, नवाचार और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

उक्त बैठक में समन्वयक अमरेंद्र कुमार, रोशन राज, रिजवाना प्रवीण, निकिता गुप्ता, एकता सहाय एवं समस्त शिक्षक –शिक्षिकाएं शामिल थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!