
संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर डीडीसी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
लातेहार:नीति आयोग के तहत संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्धारित सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान जिले के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आधारभूत सेवाओं से संबंधित मानकों में सुधार लाना प्राथमिकता है।
ज्ञात हो कि ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ नीति आयोग द्वारा संचालित एक विशेष विकास कार्यक्रम है, जो 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विकासात्मक सूचकांकों में पूर्ण उपलब्धि हासिल कर आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें तथा अभियान की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।




