
सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन कार्यालय में आवेदकों को किया गया जागरूक
Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार: सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल द्वारा जिला परिवहन कार्यालय में आए आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा सुरक्षित वाहन चलाने के महत्व की जानकारी दी गई।साथ ही आवेदकों को राहवीर योजना के बारे में भी अवगत कराया गया। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने वाले मददगार नागरिक को सरकार द्वारा ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।जागरूकता अभियान के दौरान यह संदेश दिया गया कि सड़क पर सतर्कता और मानवीय सहयोग से कई कीमती जिंदगियाँ बचाई जा सकती हैं। इस कार्यक्रम के तहत लगभग 80 से 100 आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।





