
सरकारी भवन निर्माण की आड़ में सड़क पर कब्जा,उपायुक्त से जांच की मांग
Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार:जिला मुख्यालय से सटे सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इचाक गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी भवन निर्माण के नाम पर वर्षों से उपयोग में रही सार्वजनिक सड़क को जबरन अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण बलराम उरांव ने उपायुक्त को दिए आवेदन में बताया है कि गांव में सार्वजनिक रास्ते से दर्जनों परिवारों का आना-जाना था, लेकिन भवन निर्माण के लिए सड़क को बंद कर दिया गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबाव बनाया जा रहा है और आवाज उठाने वालों को डराया-धमकाया जा रहा है। इससे न केवल आवागमन बाधित हुआ है, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा और दैनिक जरूरतों पर भी असर पड़ा है।आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्थल की तत्काल जांच कर अवरुद्ध सड़क को पूर्ववत कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है।





