
सरयू टीओपी परिसर में सरहुल, ईद एवं रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक,जुलूस के दौरान डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
गारु : सरयू टीओपी परिसर में सरहुल, ईद एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गारू के अंचलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा एवं पु० अ० नि० इंदरदेव राम ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।अधिकारियों ने बताया कि झारखंड हाई कोर्ट के आदेशानुसार जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला परिषद सदस्य बुधेश्वर भगत, चोरहा पंचायत की मुखिया अंकिता देवी, सुदर्शन प्रसाद, रोहित प्रसाद, सुहैल राजा, कार्तिक उरांव, सूरजदेव उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया।इसके साथ ही जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि पर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।




