
सिकनी कोलियरी को चालू करने की मांग, रवि डे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
Latehar : झाविस के नेता एवं समाजसेवी रवि कुमार डे ने लातेहार जिले की लाइफलाइन मानी जाने वाली सिकनी कोलियरी को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है।
पत्र में श्री डे ने कहा है कि झारखंड खनिज निगम द्वारा संचालित सिकनी कोलियरी पिछले लगभग 18 माह से बंद पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के कारण कोलियरी का संचालन ठप है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है।
कोलियरी बंद रहने से 10 हजार लोग प्रभावित, सरकार को हो रहा अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान : रवि डे
उन्होंने कहा कि कोलियरी बंद होने से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े करीब 10 हजार लोग बेरोजगार हो गए हैं और रोजगार के अभाव में पलायन तथा आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। क्षेत्र के कई परिवारों के समक्ष जीविकोपार्जन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
रवि डे ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार बेरोजगारी और पलायन रोकने के लिए प्रयासरत है, वहीं दूसरी ओर सिकनी कोलियरी के बंद रहने से सरकार को भी अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इसे जनहित और राज्यहित दोनों के लिए गंभीर विषय बताया।
श्री डे ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सिकनी कोलियरी को अविलंब चालू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके, पलायन पर रोक लगे और राज्य के राजस्व में वृद्धि हो सके।




