सेलिस्टीन कुजूर की जीत से लातेहार का होगा सर्वांगीण विकास:अमित पांडेय


लातेहार: नगर पंचायत चुनाव को लेकर लातेहार में राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। प्रत्याशी और उनके समर्थक लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।इसी क्रम में आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए चुनाव और समर्थन को लेकर अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि भले ही यह नगर पंचायत चुनाव दलीय नहीं है, लेकिन इसके बावजूद लगभग सभी राजनीतिक दल किसी न किसी प्रत्याशी को समर्थन देकर अपना दमखम दिखा रहे हैं। आजसू जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी पार्टी ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सेलिस्टीन कुजूर को समर्थन दिया है। उनका मानना है कि यदि ईंटे छाप पर चुनाव लड़ रहे सेलिस्टीन कुजूर विजयी होते हैं, तो लातेहार शहर का सर्वांगीण विकास तय है और शहर एक नई तस्वीर के रूप में उभरकर सामने आएगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनाव में ऐसे भी कई प्रत्याशी मैदान में हैं, जो वर्षों तक जनता के बीच सक्रिय नहीं रहे और अचानक चुनाव के समय सामने आए हैं। इसके विपरीत, सेलिस्टीन कुजूर लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और उनकी छवि एक साफ-सुथरे तथा जनसेवी नेता की रही है।आजसू जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने हमेशा शहर के सभी वर्गों—चाहे वह व्यवसायी वर्ग हो या आम नागरिक—के लिए एक सेवक और साथी के रूप में काम किया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है यह तय करने का कि जनता सेवक के साथ खड़ी होगी या मालिक के साथ। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे सेलिस्टीन कुजूर को विजयी बनाएं, ताकि वे और अधिक मजबूती के साथ लातेहार के विकास के लिए काम कर सकें।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!