सेविका-सहायिका चयन में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
Palamu : पांकी प्रखंड के होटाई पंचायत अंतर्गत परहिया टोला में आयोजित सेविका एवं सहायिका चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने चुनाव कराने पहुंचे अधिकारियों पर गलत सर्वे के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न कराने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं रही और सर्वे में कई अनियमितताएं बरती गईं। परहिया टोला निवासी भोला परहिया, बैजनाथ साव, सरिता देवी, अनुज विश्वकर्मा, उर्मिला देवी, कुलेश्वर विश्वकर्मा, रामप्रीत परहिया, कुलेश परहिया, कमलेश कुमार, तुनी परहिया, बैजनाथ परहिया, विकास भुइयां, गिरेंद्र परहिया समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू उपायुक्त, उपविकास आयुक्त एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि सर्वे के दौरान वास्तविक लाभुकों को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से सूची तैयार की गई। जब ग्रामीणों ने सर्वे रजिस्टर दिखाने की मांग की, तो उन्हें डांट-फटकार कर चुप करा दिया गया और रजिस्टर देखने नहीं दिया गया।
इससे लोगों में और अधिक असंतोष फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर चयन प्रक्रिया सही और निष्पक्ष तरीके से हुई होती, तो उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होती। लेकिन जिस तरह से बिना पारदर्शिता के चुनाव संपन्न कराया गया, उससे उनकी शंकाएं और भी गहरी हो गई हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। इस पूरे प्रकरण ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को न्याय कब तक मिल पाता है।



