स्वास्थ्य गारंटी कार्ड झारखंड में जल्द लागू होगा : स्वास्थ्य मंत्री
Ranchi : इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में जल्द ही स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा, जिससे हर व्यक्ति को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा। झारखंड के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। यही कारण है कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूनएएस) रैंकिंग में झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है, यह राज्य के लिए गर्व की बात है। मंत्री इरफान अंसारी बतौर मुख्य अतिथि मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंत्री ने लोगों से प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालने को कहा।

माैके पर मंत्री ने आईपीएच परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया।
इसके अलावे मंत्री ने 1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द बहाली करने, 7500 एएनएम-जीएनएम की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने, राज्य को जल्द 247 नए एम्बुलेंस देने, संथाल परगना में नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित करने, ब्लड उपलब्धता के लिए नई पॉलिसी लागू करने की भी बात कही।
मंत्री ने झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए जल्द ही न्यायालय का रुख करेगा।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि एनक्यूएएस रैंकिंग में मिला तीसरा स्थान राज्य के लिए गर्व की बात है। यह प्रमाणन केंद्र सरकार की ओर से दिया गया है, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है। उन्होंने वन हेल्थ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पूरे इकोसिस्टम का संतुलित और स्वस्थ रहना जरूरी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।




