हजारीबाग राम नवमी हादसे में 6 आरोपित गिरफ्तार, हथियार बरामद
Ranchi : रामनवमी पर्व के दौरान शहर के झंडा चौक के पास हुए चर्चित अभिषेक कुमार हत्याकांड का हजारीबाग पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में विजय कुमार विनायक (19), श्याम कुमार उर्फ काशू (20), आदित्य कुमार उर्फ आदि (25), ऋषि कुमार (20) और समीर वाल्मिकी (20) शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपित को धनबाद से पकड़ा गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर एक तलवार और दो चाइनीज चाकू बरामद किए हैं, जिनका उपयोग हत्या में किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 मार्च की देर रात गड़ी खाना क्लब के जुलूस के दौरान झंडा चौक के पास विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नशे की हालत में जुलूस में तलवार और लाठियों का प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अभिषेक कुमार ने उन्हें जुलूस में घुसने से रोका, जिससे विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर उन्होंने अभिषेक कुमार पर तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। इस मामले के उद्भेदन में लोहसिंगना थाना प्रभारी सत्यम गुप्ता और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




