11वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन, शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

लातेहार : ब्लॉक कॉलोनी परिसर, लातेहार स्थित 11वीं वाहिनी, सीआरपीएफ द्वारा ‘शौर्य दिवस’ के अवसर पर गुरुवार को वीर शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उन बहादुर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।ज्ञात हो कि सीआरपीएफ द्वारा प्रत्येक वर्ष 9 अप्रैल को ‘शौर्य दिवस’ मनाया जाता है।यह दिन वर्ष 1965 में कच्छ के रण स्थित सरदार पोस्ट पर सीआरपीएफ के जवानों द्वारा अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मनों का मुकाबला करने की स्मृति में मनाया जाता है। उनकी वीरता आज भी सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को प्रेरित करती है।
कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट 11वीं वाहिनी, याद राम बुनकर के निर्देशन में किया गया। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी रतिन्द्र चरण मिश्रा, उप कमांडेंट शोष नाथ एवं मुकेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ एवं अधीनस्थ अधिकारी तथा जवान उपस्थित रहे। सभी ने ‘पुष्पांजलि समारोह’ में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक शस्त्र प्रस्तुत किया।इसके उपरांत अधिकारियों एवं जवानों द्वारा लातेहार जिले में स्थित शहीद ईश्वार लाकड़ा, शहीद विरेंद्र शर्मा एवं शहीद सिलास कुजूर के स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

साथ ही शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की गई तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शहीदों के प्रति सम्मान और उनके परिवारों के साथ एकजुटता का प्रतीक है। साथ ही यह भी दोहराया गया कि राष्ट्र और सुरक्षा बल सदैव शहीद परिवारों के साथ खड़े हैं और उनकी आवश्यकताओं एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!