15 से 30 अप्रैल तक लातेहार में चलेगा ‘बैक टू स्कूल’ अभियान

Latehar : जिले में 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ‘स्कूल रूआर 2026’ (Back to School Campaign) अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर टाउन हॉल, लातेहार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मनिका रामचंद्र सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं स्कूली छात्राओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि समग्र शिक्षा का मुख्य उद्देश्य 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को विद्यालयी शिक्षा से जोड़ना और उनकी पढ़ाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से ‘बैक टू स्कूल’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि स्कूल से बाहर रह गए, प्रवासी या ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ना और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिलकर अभिभावकों को जागरूक करना होगा।


अभियान के दौरान जिला, प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी होगी। साथ ही नामांकन से वंचित बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय में नामांकित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहु सहित कई अधिकारी, शिक्षक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!