
नीलगाय की चपेट में आने से युवक की मौत, चाचा घायल
Gadhwa : मझिआंव बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में नीलगाय की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे थे।मिली जानकारी के अनुसार मझिआंव थाना क्षेत्र के दुबे तहले गांव निवासी करीब 22 वर्षीय बाबूलाल रवी अपने चाचा सोनू रवि के साथ बरडीहा स्थित रिश्तेदार के यहां से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरडीहा-मझिआंव मुख्य सड़क पर बभनी गांव के पास अचानक नीलगाय ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और दोनों को रौंदते हुए सड़क पार कर गई।घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में बाबूलाल की हालत चिंताजनक होने पर उसे रांची रिम्स रेफर किया गया। रिम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में बाबूलाल की मृत्यु हो गई।





