
3 साल से ‘खड़ा’ है बीएसएनएल टॉवर, लेकिन नेटवर्क गायब! ग्रामीणों में आक्रोश
Latehar: सरयू प्रखंड के चोरहा पंचायत अंतर्गत गोताग गांव में लगा बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर पिछले तीन साल से सिर्फ खड़ा है, लेकिन आज तक इसमें नेटवर्क की ‘जान’ नहीं डाली गई है। करोड़ों की योजना का यह टॉवर अब ग्रामीणों के लिए मजाक बनकर रह गया है ग्रामीणों का कहना है कि टॉवर लगने के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे—बेहतर नेटवर्क, तेज इंटरनेट और डिजिटल सुविधा—हकीकत में आज भी लोग एक कॉल करने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। हालत यह है कि बात करने के लिए ग्रामीणों को गांव में जगह-जगह घूमकर नेटवर्क ‘सर्च’ करना पड़ता है, तब कहीं जाकर कॉल लग पाता है।ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, राशन, पेंशन और सरकारी योजनाओं की जानकारी—सब कुछ नेटवर्क के अभाव में ठप पड़ा है। गांव के लोग पूछ रहे हैं कि जब टॉवर चालू ही नहीं करना था, तो आखिर इसे लगाया ही क्यों गया?स्थानीय लोगों ने कई बार विभाग को इसकी जानकारी दी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक चुप्पी साधे हुए हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।





