
3 दिवसीय झारखंड दौरे पर आज शाम रांची पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर 14 आईपीएस, 75 डीएसपी ओर 3000 फोर्स तैनात
Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आज शाम रांची पहुंच रही है। इस दौरे को लेकर झारखंड पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर 14 आईपीएस, 75 डीएसपी सहित 3000 फोर्स की तैनाती की गई है. झारखंड पुलिस के आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता डॉ माइकल राज ने बताया कि राष्ट्रपति का तीन दिवसीय दौरा 28 दिसम्बर से शुरू हो रहा है. इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. बता दें कि राष्ट्रपति का विशेष विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 28 दिसंबर की शाम 6 बजे लैंड करेगा. एयरपोर्ट पर स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शाम करीब 6.30 बजे लोकभवन पहुंचेंगी. लोक भवन में डिनर के बाद रात्रि विश्राम करेंगी.राष्ट्रपति 29 दिसंबर की सुबह करीब 9.00 बजे लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सीधे जमशेदपुर के लिए उड़ान भरेंगी. यहां संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शिरकत करेंगी. कार्यक्रम के समापन के बाद करीब 4.30 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी और लोकभवन के लिए प्रस्थान करेंगी. राष्ट्रपति 30 दिसंबर को रांची स्थित लोकभवन से दस बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी. यहां से उनका विमान छत्तीसगढ़ के जसपुर में लैंड करेगा. वहां से सड़क मार्ग से गुमला में रायडीह के माझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पहुंचेंगी. यहां स्व कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी.





